श्राद्धकर्म में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना; कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
भागलपुर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत तेलघी गांव पहुंचे। वहां उन्होंने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र के पैतृक आवास पर जाकर उनके दिवंगत पिता स्व. डॉ. के.एन. सिंह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्राद्धकर्म में हुए शामिल, परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर के जरिए तेलघी गांव पहुंचे थे, जहां प्रशासन द्वारा उनके आगमन के लिए एक अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया था। हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सीधे मंत्री कुमार शैलेन्द्र के आवास गए। उन्होंने स्व. डॉ. के.एन. सिंह के श्राद्धकर्म में हिस्सा लिया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर इस अत्यंत दुख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को ढांढस बंधाया।
डिप्टी सीएम और कई वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
इस शोक सभा और श्राद्धकर्म के दौरान मुख्यमंत्री के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, कृषि मंत्री विजय सिन्हा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी स्व. डॉ. के.एन. सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। परिजनों से मुलाकात करने और श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री वापस हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
