Patna: Santosh Kumar Suman, son of former Bihar CM and HAM (Secular) chief Jitan Ram Manjhi, addresses a press conference after resigning from the grand alliance government in Bihar, in Patna, Tuesday, June, 13, 2023. (PTI Photo) (PTI06_13_2023_000103B)
मनेर मुठभेड़ को लेकर राजद पर साधा निशाना, कहा- अपराधी की पहचान उसकी जाति से नहीं, उसके अपराध से होती है; पुलिस का मनोबल गिराने वाली राजनीति बंद करे विपक्ष
पटना। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर राजद पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में भी राजद जाति तलाशने लगता है। अपराध और अपराधियों के प्रति पार्टी का पुराना रवैया आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती, उसकी पहचान उसके अपराध से होती है।
डॉ. सुमन ने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है। ऐसी कार्रवाई को जातीय नजरिये से देखने के बजाय तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर परखा जाना चाहिए। यदि अपराधियों ने पुलिस पर हमला किया है तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई पर सवाल उठाना अपराधियों का मनोबल बढ़ाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। राजद को पुलिस का मनोबल गिराने वाली राजनीति से बचना चाहिए। कानून का राज स्थापित करने के लिए पुलिस को निष्पक्ष रूप से काम करने का अवसर मिलना जरूरी है।
लालू शासनकाल का हवाला देकर राजद पर हमला
डॉ. सुमन ने राजद के पुराने शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बिहार में सत्ता और अपराध के गठजोड़ को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। मुख्यमंत्री आवास तक अपराधियों की पहुंच और वहां आयोजित होने वाली कथित महफिलों की चर्चाएं बिहार की राजनीति में लंबे समय तक होती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के कुछ नेता आज भी उसी दौर की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन अब बिहार में ऐसा संभव नहीं है।
उन्होंने राहुल गांधी और लालू परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर राहुल गांधी अलगाववादियों के समर्थन में आवाज उठाते नजर आते हैं, तो दूसरी ओर लालू परिवार के लोग अपराधियों के पक्ष में खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर अपराध और अपराधियों के प्रति इतनी हमदर्दी क्यों दिखाई जा रही है?
डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार की जनता अब अपराधियों के पक्ष में होने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है और किसी भी अपराधी के खिलाफ बिना भेदभाव के निष्पक्ष एवं कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
