अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रहने का निर्देश, पटाखों की अवैध बिक्री पर रहेगी विशेष निगरानी; जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
पटना। दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पटना जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, अवैध पटाखों की बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों की अवैध बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने को कहा गया है।
अग्निशमन केंद्रों को हर समय तैयार रहने का निर्देश
दीपावली के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सभी अनुमंडलों के अग्निशमन केंद्रों में फायर टेंडर पर्याप्त पानी और जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रखें। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके अलावा पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आग से बचाव के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था रहेगी उपलब्ध
स्वास्थ्य सेवाओं को भी किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष में कुशल चिकित्सकों की टीम तैनात करने तथा जिला एवं अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्षों में एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही एम्स, पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस और श्री गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल, पटना सिटी सहित जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में भी आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सफाई और सैनिटाइजेशन पर भी रहेगा जोर
दीपावली के अवसर पर स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निकायों को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई और सैनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी भी अप्रिय घटना या जरूरत की स्थिति में इन नंबरों पर सूचना दी जा सकती है।
- जिला नियंत्रण कक्ष : 0612-2219234
- जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष : 0612-2219810
- पुलिस नियंत्रण कक्ष मोबाइल : 9031825979
- आपातकालीन सहायता : डायल 112
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
