प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की कार्रवाई, पार्टी के निर्देशों और संगठनात्मक अनुशासन की अवहेलना को बताया कारण
पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक निर्देशों और पार्टी अनुशासन का पालन नहीं करने वाले करीब आठ से नौ जिला कांग्रेस अध्यक्षों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होने के कारण इन जिलाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से रैली में शामिल होने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पार्टी पदाधिकारियों से रैली में भाग लेने की अपील की थी। इसके बावजूद संबंधित जिला अध्यक्ष रैली में शामिल नहीं हुए।
राजेश राम ने कहा कि पार्टी के निर्देशों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पालन करना प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है। संगठन के प्रति जवाबदेही और अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित जिला अध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि निलंबित जिला अध्यक्ष आगे की कार्रवाई और भविष्य की जिम्मेदारियों के संबंध में चर्चा के लिए उनसे अथवा बिहार कांग्रेस के प्रभारी श्री कृष्णा अल्लावरू से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं।
