उर्वरक आवंटन और बीज विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति देने में अनियमितता की शिकायतों पर कार्रवाई; संबंधित अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण, जांच के लिए गठित हुई उच्चस्तरीय कमेटी : विजय कुमार सिन्हा
किसानों के हक से समझौता नहीं: उर्वरक आवंटन और बीज लाइसेंस वितरण में गड़बड़ी पर पटना से कड़ा एक्शन
पटना। कृषि विभाग ने उर्वरक आवंटन एवं बीज वितरण व्यवस्था में अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर दो अधिकारियों को उनके वर्तमान कार्यस्थल से हटाकर अन्य कार्यालयों में संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि विभाग को उर्वरक आवंटन में अनियमितता, बीज वितरकों को अनुज्ञप्ति प्रदान करने में गड़बड़ी तथा नए अनुज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाज गिरी: मुख्यालय के दो सहायक निदेशक पद से हटाए गए, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बनी उच्चस्तरीय कमिटी
कार्रवाई के तहत सहायक निदेशक (शस्य), उर्वरक प्रचालन तथा सहायक निदेशक (शस्य), उपादान प्रवर्तन, मुख्यालय को उनके वर्तमान कार्यस्थल से हटाकर अन्य कार्यालयों में संबद्ध किया गया है। मंत्री ने बताया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष, विस्तृत एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी को संबंधित अभिलेखों, उर्वरक आवंटन की प्रक्रिया, बीज वितरकों को जारी अनुज्ञप्तियों तथा नई अनुज्ञप्तियां प्रदान करने से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।
खंगाले जाएंगे सारे रिकॉर्ड: आवंटन प्रक्रिया और नए लाइसेंसों की होगी गहन स्क्रूटनी
सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि उपादानों के वितरण और अनुज्ञप्ति जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नियमों का पालन अनिवार्य है। किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि विभाग किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि उपादान उपलब्ध कराने तथा विभागीय कार्यप्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
