धर्मांतरण और जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण निशाने पर होने की जताई आशंका, रिम्स पहुंचकर परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
रांची। आदिवासी समाज की युवा नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार से सीबीआई जांच कराने की मांग की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि निशा भगत धर्मांतरण और जमीन दलालों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही थीं। इन मुद्दों पर उनकी सक्रियता के कारण वह कुछ तत्वों के निशाने पर थीं। आखिर किन परिस्थितियों में उन्हें आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने रिम्स पहुंचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
साहू ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि निशा भगत किन परिस्थितियों से गुजर रही थीं और उनकी मौत के पीछे किसी तरह का दबाव, धमकी या अन्य कारण तो नहीं थे। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने निशा भगत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के हक-अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने वाली युवा नेत्री का असामयिक निधन अत्यंत दुखद है। उनका जाना जनजातीय समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज और रांची की मेयर रोशनी खलखो सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-
- निशाने पर थीं युवा नेत्री: आदित्य साहू ने कहा कि निशा भगत लगातार धर्मांतरण और जमीन दलालों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठा रही थीं। इस सामाजिक संघर्ष के कारण वह गलत तत्वों के निशाने पर थीं।
- खौफनाक कदम के पीछे का सच: उन्होंने मांग की कि इस बात की निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों, दबाव या धमकियों के कारण उन्हें ऐसा खौफनाक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने निशा भगत के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के हक-अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाली एक मुखर आवाज का जाना पूरे समाज के लिए एक अपूर्णनीय क्षति है।
