आईटीआई दीघा में आयोजित मेले में 1,010 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण, 1,000 से अधिक रिक्तियों के लिए हुई चयन प्रक्रिया; मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने युवाओं को किया प्रोत्साहित
पटना। राजधानी पटना में आयोजित एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले में 704 युवाओं का निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दीघा के मैदान में आयोजित इस मेले में 27 कंपनियों एवं नियोजकों ने भाग लिया। कुल 1,010 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा कराया। इस प्रकार करीब 70 प्रतिशत अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में सफलता मिली। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, पटना की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें करियर और कौशल विकास संबंधी मार्गदर्शन देना था।
मेले का उद्घाटन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के निदेशक रणजीत कुमार और संयुक्त निदेशक (नियोजन) प्रियंका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप निदेशक (नियोजन), मुख्यालय श्याम प्रकाश शुक्ला और पटना प्रमंडल की उप निदेशक अमृता कुमारी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बिहार के सभी जिलों में नियोजन मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनके माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विभाग की ओर से संचालित करियर इन्फॉर्मेशन सेंटर (सीआईसी), आईटी लैब, व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम, समुद्रपार नियोजन, टूल किट एवं स्टडी किट योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंत्री ने युवाओं से अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप अवसरों का लाभ उठाने तथा कौशल विकास के माध्यम से रोजगार बाजार की मांग के अनुसार स्वयं को तैयार करने की अपील की।
निदेशक रणजीत कुमार ने भी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपनी कार्यक्षमता एवं कौशल में निरंतर सुधार करने के लिए प्रेरित किया। मेले में ऑटोमोबाइल, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, सेल्स और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया। इनमें अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, शंकर मोटर्स, गृह्म हेल्थकेयर, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन, क्वेस कॉर्प और एलएंडटी सहित कई स्थानीय एवं अन्य राज्यों की कंपनियां शामिल थीं। इन नियोजकों ने 1,000 से अधिक रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया आयोजित की।
इसके अतिरिक्त मेले में चार सरकारी स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से युवाओं को सरकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों, कौशल विकास और व्यावसायिक मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में पटना प्रमंडल की उप निदेशक (नियोजन) अमृता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने मंत्री, अतिथियों, सहभागी कंपनियों, अभ्यर्थियों तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मेले के सफल आयोजन में सहायक निदेशक (नियोजन) नूर अहसन,अंकित राज, नियोजन पदाधिकारी अनीश तिवारी, सुश्री अंजलि, जिला कौशल प्रबंधकों तथा जिला नियोजनालय, पटना के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
