पटना। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, पटना द्वारा दिनांक 6 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दीघा, पटना के परिसर में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। इन कंपनियों के माध्यम से युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में 1000 से अधिक रिक्तियों पर नियोजन के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें विभिन्न शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी दक्षता रखने वाले अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। मेले में भाग लेने वाले युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। इस मेले की विशेषता यह है कि युवाओं को केवल रोजगार के अवसर ही उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे, बल्कि उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं करियर संबंधी परामर्श भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप बेहतर करियर का चयन कर सकें।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय रोजगार पोर्टल http://www.detjob.bihar.gov.in पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार पंजीकरण कर सकते हैं। साथ ही इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ आयोजन स्थल पर उपस्थित हों। उन्होंने जिले के सभी बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की कि इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
