सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से तैयारी शुरू करने का निर्देश
पटना। जनवरी 2027 के प्रथम पक्ष में आयोजित होने वाले 360वें प्रकाश पर्व के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण कर लें तथा अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों की रूपरेखा बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को अभी से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम स्थल के आसपास अस्थायी थाना तथा नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को भी कहा गया, ताकि सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन किया जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आसपास स्थित विद्यालयों एवं सामुदायिक भवनों में भी पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा रंगाई-पुताई सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को प्रकाश पर्व के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा दल एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की तैयारी समय रहते पूरी करने को कहा गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रकाश पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभी से तैयारी शुरू करें, ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके। बैठक में नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा, उप विकास आयुक्त श्री शुभम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सिटी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
