– कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य रही रिया
– बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी रवींद्रण शंकरण ने अंग वस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
पटना। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय टीम की सदस्य एवं बिहार के बेगूसराय जिले की बेटी रिया कुमारी का सोमवार को पटना पहुंचने पर अभिनंदन किया गया। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण ने रिया कुमारी का स्वागत अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर किया। इस अवसर पर रवींद्रण शंकरण ने रिया कुमारी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का सदस्य होना बिहार के लिए गर्व की बात है।
रिया ने अपने प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता बिहार की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने रिया को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर हर संभव प्रयास प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर और बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह भी मौजूद रहे।
