दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच बादशाहत की जंग है जारी
पटना। स्थानीय पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को सुबह के सत्र में खेले गए मैचों में विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। दूसरे दिन सुबह के सत्र में खेले गए मुकाबलों में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और विदर्भ की टीमों जीत हासिल की। सुबह के सत्र में मैचों की शुरुआत द्रोणाचार्य अवार्डी बलवान सिंह, कोच ई भास्करन और बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में टीमों ने शानदार रेडिंग और डिफेंस का प्रदर्शन किया। दिन के मुकाबलों में राजस्थान ने चंडीगढ़ को बड़े अंतर से हराया, जबकि हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों ने भी प्रभावशाली जीत दर्ज की। दिल्ली बनाम पंजाब और विदर्भ बनाम गोवा मैच का फैसला आखिरी रेड में जाकर हुआ। दिल्ली ने पंजाब को 48-47 से हराया। इस मैच में आखिरी क्षण तक पंजाब की टीम बढ़त पर थी पर दिल्ली ने सुपर टैकल कर दो अंक अर्जित किये और मुकाबले पर ला दिया और अंतिम रेड में एक अंक हासिल कर मैच को 48-47 से जीत लिया। इस मैच के पहले हाफ में दिल्ली 27-25 से आगे थी।
विदर्भ बनाम गोवा काफी रोमांचक रहा और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस मैच में गोवा के खिलाड़ियों ने विदर्भ की ओर से खेल इंटरनेशल प्लेयर अनुज को हमेशा बेंच पर बिठाए रखा। अनुज यूथ एशियन में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इस मैच में विदर्भ पहले हाफ में 23-17 से आगे थी। दूसरे हाफ में गोवा ने वापसी का पूरा प्रयास किया और अंतत: विदर्भ ने यह मुकाबला 37-35 से अपने नाम किया। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतिनियुक्त किये गए चयनकर्ता ई भास्करन ( भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व प्रशिक्षक) और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिशांत देवारिकर पटना पहुंच चुके हैं और मैच के दौरान उपस्थिति रहकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर बनाए रखे ।
दूसरे दिन के सुबह के सत्र के मुकाबलों का परिणाम
कर्नाटक ने मध्य प्रदेश को 68-33, आंध्र प्रदेश ने ओडिशा को 60-24, राजस्थान ने चंडीगढ़ को 92-14, दिल्ली ने पंजाब को 48-47, उत्तराखंड ने केरल (सी) को 74-48, छत्तीसगढ़ ने तेलंगाना को 54-44, 7. हिमाचल प्रदेश ने त्रिपुरा को 82-36, चंडीगढ़ ने केरल को 42-32 तमिलनाडु ने पश्चिम बंगाल को 59-24, विदर्भ ने गोवा को 37-35 से हराया।
