पटना। बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणामों पर भाकपा (माले) राज्य सचिव कुणाल ने कहा है कि इन चुनावों के जनादेश भाजपा के खिलाफ है । राजद ने दो सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा को उसके कब्जे वाली दोनों सीटों से बेदखल किया है, राजद को जीत पर बधाई। यह परिणाम भाजपा के खिलाफ उभरते राजनीतिक असंतोष और विपक्ष के प्रति मतदाताओं के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा की जीत पर राजद को हार्दिक बधाई दी। दोनों सीटों पर भाजपा के मौजूदा विधान पार्षदों की हार महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम है।
खासकर दरभंगा स्नातक सीट पर लंबी मतगणना और वरीयता मतों की गिनती के बाद राजद उम्मीदवार की जीत ने भाजपा की उम्मीदों को झटका दिया है। दरभंगा स्नातक क्षेत्र से भाकपा माले उम्मीदवार कॉमरेड संदीप चौधरी को प्रथम वरियता के 545 वोट प्राप्त हुए हैं। इसके लिए दरभंगा के मतदाताओं को धन्यवाद। कुणाल ने कहा कि बिहार की जनता शिक्षा, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के सवालों पर जवाब चाहती है। चुनाव परिणामों को केवल सीटों के गणित से नहीं, बल्कि जनता के बदलते राजनीतिक रुझान और सत्ताधारी भाजपा के प्रति असंतोष के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए।
