प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश दिल्ली रवाना, सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं ने किया कूच
रांची। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश दिल्ली रवाना हुए। उनके साथ ही झारखंड के सभी जिलों से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विशेष बसों के माध्यम से भी दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिला मुख्यालयों से लेकर प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच किया है। बसों, ट्रेनों एवं निजी वाहनों के माध्यम से हजारों की संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंच रहे हैं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, उसकी आवाज, उसकी स्वतंत्रता और संविधान की मूल भावना का सम्मान करने वाली व्यवस्था है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और देश की संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।
आज जब लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर देशभर में गंभीर सवाल उठ रहे हैं, ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर इन सवालों को मजबूती से उठा रही है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर अभिव्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में झारखंड कांग्रेस की इस रैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
राज्य के दूर-दराज के जिलों से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह के साथ दिल्ली पहुंचना इस बात का परिचायक है कि पार्टी का संगठन लोकतांत्रिक मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट है। झारखंड के कांग्रेसजन इस रैली में अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज का सम्मान होना चाहिए, चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा कायम रहना चाहिए।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए इन सवालों पर देशव्यापी चर्चा और जवाबदेही आवश्यक है। राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराएंगे। यह भागीदारी केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता की आवाज को बुलंद करने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
