पटना। जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। कार्यक्रम में समन्वय के लिए पार्टी की प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा चंद्रवंशी भी मौजूद रहें। इस दौरान मा0 मंत्री ने आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आवश्यकक निर्देश दिए।
इस मौके पर भगवान सिंह कुशवाहा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस रैली का कोई राजनीतिक औचित्य नहीं है। हाल ही में देश के चार राज्यों में बैलेट पेपर के माध्यम से विधान परिषद के चुनाव हुए हैं और उनमें कांग्रेस की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। विपक्ष केवल अपनी हार के बहाने तलाशने के लिए चुनावी प्रक्रिया पर दोषारोपण करता है।
