मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संजय झा और मंत्री निशांत कुमार समेत कई गणमान्य लोगों को छठ का प्रसाद ग्रहण करने का न्योता
पटना। भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री एवं गायिका अक्षरा सिंह इस बार भी लोक आस्था के महापर्व छठ को पटना में मनाएंगी। छठ पूजा को लेकर उनके यहां विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अक्षरा सिंह का कहना है कि बिहार की संस्कृति और परंपराओं से उनका गहरा जुड़ाव है। उनकी कोशिश है कि छठ महापर्व को देश के दूसरे प्रमुख त्योहारों की तरह व्यापक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में पहचान मिले।
इस अवसर पर अक्षरा सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, मंत्री निशांत कुमार सहित कई गणमान्य लोगों को छठ का प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। उनके इस आयोजन को लेकर भोजपुरी संगीत और सिनेमा जगत में भी उत्सुकता बनी हुई है।
अक्षरा सिंह ने बताया कि मुंबई में रहने के बावजूद बिहार से उनका जुड़ाव हमेशा कायम रहा है। आमतौर पर कलाकार काम के सिलसिले में मुंबई को अपना ठिकाना बना लेते हैं और वहीं अपने क्षेत्र के त्योहार मनाते हैं, लेकिन वह छठ जैसे महापर्व को अपनी जन्मभूमि बिहार में मनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंजाब में लोहड़ी, मुंबई में गणपति उत्सव और बंगाल में दुर्गापूजा बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के रूप में मनाई जाती है, उसी तरह छठ महापर्व को भी देशव्यापी सांस्कृतिक पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि छठ के संध्या अर्घ्य के अवसर पर पटना के कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें कई जानी-मानी गायिकाओं और कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम के जरिए छठ की परंपराओं, लोकगीतों और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भव्य मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
भोजपुरी फिल्मों और संगीत में अपनी अलग पहचान बना चुकीं अक्षरा सिंह की बिहार सहित देशभर में बड़ी प्रशंसक संख्या है। ऐसे में पटना में छठ मनाने का उनका फैसला प्रशंसकों के लिए भी खास है। उनकी पहल का उद्देश्य छठ की धार्मिक आस्था के साथ बिहार की लोक संस्कृति और परंपराओं को भी व्यापक मंच प्रदान करना है।
