शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के प्रबल स्तंभ थे मौलाना आजाद, राजद ने जयंती पर किया नमन
राजद कार्यालय में भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री की जयंती पर श्रद्धांजलि, प्रदेश अध्यक्ष बोले—धर्मनिरपेक्ष शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के प्रबल पक्षधर थे मौलाना आजाद
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् एवं देश के प्रथम शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौलाना आजाद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद महान कवि, लेखक, पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त और प्रख्यात शिक्षाविद् थे। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे भारत विभाजन के प्रबल विरोधी थे और देश की एकता बनाए रखने के पक्ष में लगातार आवाज उठाते रहे।
मंडल ने कहा कि मौलाना आजाद के विचारों और सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहार के गरीब-गुरबों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। आम लोगों, विशेषकर वंचित वर्गों में शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए अभियान चलाए गए। इसका परिणाम यह हुआ कि गांवों में रहने वाले गरीब और वंचित तबकों के बीच भी राजनीतिक एवं सामाजिक चेतना विकसित हुई। लोग अपने अधिकारों को पहचानने लगे और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।
कार्यक्रम में मौलाना आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बीनू यादव, पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव, मदन शर्मा, हरेन्द्र कुमार कुशवाहा, निर्भय अम्बेदकर, डॉ. कुमार राहुल सिंह, नन्दू यादव, भाई अरुण कुमार, डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता, खुर्शीद आलम सिद्दिकी, बिरजू पटेल, कुमर राऊत, श्यामनंदन पासवान, संटू कुमार यादव, चन्द्रेश्वर प्रसाद सिंह, गणेश कुमार यादव, तौकीर मंसूरी, शिवेन्द्र कुमार तांती, मो. शमीम, प्रो. प्रेमनाथ, सुबोध कुमार, सिकन्दर पासवान, विकास यादव, बैजू प्रसाद, दिनेश राम, बाबर खां, अमजद अहमद, जावेद अहमद, राजेश निराला और सैयद लियाकत हसन सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
