राहुल गांधी के विजन के अनुरूप डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी और विशेषज्ञ निभाएंगे नेशन बिल्डिंग में अहम भूमिका; शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और औद्योगिक विकास पर बनी रणनीति
रांची। झारखंड के आर्थिक परिवर्तन और समावेशी विकास की ठोस रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से गुरुवार को होटल बीएनआर चाणक्य, रांची में ‘थिंक 2029–प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में राज्य के आर्थिक भविष्य, औद्योगिक विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और निवेश की संभावनाओं पर व्यापक मंथन हुआ। सम्मेलन में शामिल देश और राज्य के प्रतिष्ठित डॉक्टरों, इंजीनियरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षाविदों, कानून विशेषज्ञों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने सुझावों के माध्यम से झारखंड के विकास का रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक, स्तंभकार एवं सार्वजनिक वक्ता सुवीर सरन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कांग्रेस नेता आलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, रमा खलको, शशि भूषण, राजीव रंजन प्रसाद, सतीश पॉल, डॉ. एम. तौसीफ, महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा, सुरेंद्र सिंह, राजन वर्मा, सुरेन राम, अभिजीत राज और सूर्यकांत शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती पारंपरिक नृत्य-संगीत प्रस्तुतियों से किया गया। इसके बाद विभिन्न विषयों पर पैनल डिस्कशन आयोजित हुआ, जिसमें राज्य की आर्थिक संभावनाओं, विकास की चुनौतियों और भविष्य की नीतिगत प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रोफेशनल्स की भागीदारी से होगा राष्ट्र और झारखंड का पुनर्निर्माण : मधु यास्की गौड़
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि वर्ष 1885 में कांग्रेस की स्थापना में प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका थी। डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और आर्किटेक्ट जैसे विशेषज्ञों ने अपनी प्रतिभा और विशेषज्ञता से देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया। आज भी राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी प्रोफेशनल्स को आगे बढ़कर निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया है। ऐसे में लोकतांत्रिक व्यवस्था और गणराज्य की मूल भावना को फिर से मजबूत करने की जरूरत है। यूपीए सरकार ने शिक्षा का अधिकार और रोजगार का अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए। झारखंड जल, जंगल और जमीन की पहचान वाला राज्य है। यहां प्राकृतिक संसाधनों के साथ मानव संसाधन की भी अपार संपदा है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन महज शुरुआत है। प्रोफेशनल्स की सक्रिय भागीदारी से ही नए झारखंड का निर्माण संभव है। झारखंड प्रोफेशनल्स कांग्रेस की कार्यशैली और आयोजन की तैयारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पैनलिस्टों के सुझावों को गंभीरता से दर्ज किया गया है। शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों का पैनल भी गठित किया जाएगा।
विकास के साथ समानता और सामाजिक न्याय भी हो प्राथमिकता : के. राजू
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस की जिम्मेदारी ऐसे विशेषज्ञों और प्रतिभाशाली लोगों की पहचान करना है, जो केवल अपने पेशे तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के वंचित वर्गों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प भी रखते हों। ऐसे लोग चाहिए, जो शिक्षा को हर वर्ग तक पहुंचाने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सामाजिक समानता को मजबूत करने के लिए काम करें।
उन्होंने आदित्य विक्रम जायसवाल और उनकी टीम को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रोफेशनल्स का जुड़ाव केवल दो-तीन घंटे के इस सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दो वर्षों में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के साथ लगातार संवाद किया जाएगा। उनके अनुभव, ज्ञान और सुझावों के आधार पर झारखंड के विकास की नीतियों को आकार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड को ऐसा मॉडल राज्य बनाना है, जो केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध न हो, बल्कि यहां के प्रत्येक परिवार को बेहतर शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और विकास के समान अवसर भी मिलें। इसके लिए गंभीर और निरंतर विचार-विमर्श की आवश्यकता है।
आज भी देश में मौजूद हैं दूरदर्शी और बदलाव के वाहक : सुवीर सरन
लेखक, स्तंभकार एवं सार्वजनिक वक्ता सुवीर सरन ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस के मंच के माध्यम से उन्हें उस भारत की झलक देखने को मिली, जिसके बारे में किताबों में पढ़ा जाता है और जिसका दुनिया सम्मान करती है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वह 19 वर्ष की उम्र में एक गरीब छात्र के रूप में अमेरिका पहुंचे थे, तब वहां उन्हें बेहद सम्मान मिला। लोगों ने उनमें सरोजिनी नायडू, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे दूरदर्शी नेताओं के विचारों और आदर्शों की झलक देखी थी।
उन्होंने कहा कि वे सभी महान दूरदर्शी थे। आज ऐसे विजनरी नेतृत्व की जरूरत है। हालांकि, इस सम्मेलन में उन्होंने ऐसे अनेक पुरुषों और महिलाओं को देखा, जो देश के भविष्य के प्रति गंभीर हैं और युवाओं को सशक्त बनाने का विजन रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली नई उम्मीद और विश्वास के साथ लौट रहे हैं कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में हो सकता है।
नीति निर्माण में प्रोफेशनल्स की भागीदारी जरूरी : शिल्पी नेहा तिर्की
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का गठन वर्ष 2017 में किया गया था। इसका मूल उद्देश्य प्रोफेशनल सेक्टर, हेल्थ सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर नीति निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। विशेषज्ञों के अनुभव और सुझाव सरकार के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। ऐसे मंच सरकार और पेशेवर समुदाय के बीच सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करते हैं।
पलायन रोकने और राज्य में रोजगार सृजन के लिए बनेगी ठोस नीति : आदित्य विक्रम जायसवाल
आयोजक एवं प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से ‘थिंक 2029–झारखंड’ सिंपोजियम का आयोजन राज्य की आर्थिक और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से किया गया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत सही मार्गदर्शन और दूरदर्शी नीतियों की है। प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवियों और अर्थशास्त्रियों के साथ मिलकर ऐसी नीतियां तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े। राज्य में ही औद्योगिक विकास, युवा रोजगार और घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने की मजबूत व्यवस्था विकसित हो।
उन्होंने कहा कि झारखंड प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श करना नहीं, बल्कि विशेषज्ञों के सुझावों को ठोस नीतियों में बदलकर जमीन पर उतारना है। ‘थिंक 2029’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विशेषज्ञों ने दिए विकास के व्यावहारिक सुझाव
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। ‘थिंक झारखंड 2029’ के पैनल डिस्कशन में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। चर्चा में राज्य की आर्थिक क्षमता के बेहतर उपयोग, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, निवेश को प्रोत्साहन, उद्योगों के विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, प्रभात अग्रवाल, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य, अनिल सिंह, हिमांशु और दामोदर प्रसाद सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
