कालाबाजारी, नकली खाद और निर्धारित दर से अधिक वसूली करने वालों की खैर नहीं; दोषियों पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
पटना। किसानों को खाद के नाम पर परेशान करने और उर्वरक की गुणवत्ता एवं आपूर्ति में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ बिहार सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में उर्वरक की गुणवत्ता और आपूर्ति में अनियमितता की शिकायत मिलते ही कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा खुद मौके पर पहुंच गए और खाद का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं तथा जिला कृषि पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों को खाद के लिए भटकना पड़े या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत चुकानी पड़े, यह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। खाद की उपलब्धता, गुणवत्ता और उचित मूल्य सुनिश्चित करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विजय कुमार सिन्हा ने दो टूक कहा कि बिहार में किसानों का हित सर्वोपरि है। गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित मानकों और उचित दर पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों के साथ धोखाधड़ी, उनके अधिकारों का हनन और खाद की आपूर्ति में मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि उर्वरक की कालाबाजारी, नकली एवं डुप्लीकेट खाद की बिक्री, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने और आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। किसानों को उनका अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर कोताही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।
