स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना नगर निगम का परचम, सफाईकर्मियों के साथ महापौर, उप महापौर और नगर आयुक्त ने ग्रहण किया सम्मान
नई दिल्ली। स्वच्छता के क्षेत्र में पटना नगर निगम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, विभागीय सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि का सबसे खास पहलू यह रहा कि पटना नगर निगम की टीम ने अपने दो सफाईकर्मियों अमरजीत मांझी (नूतन राजधानी अंचल) और रॉकी पासवान (अजीमाबाद अंचल) के साथ मंच पर पहुंचकर यह सम्मान प्राप्त किया। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की असली ताकत यानी सफाईकर्मियों के अथक परिश्रम और समर्पण को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला।
पटना को मिला यह पुरस्कार निगम की मजबूत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, पुराने कचरे (लीगेसी वेस्ट) के नियमानुसार निस्तारण, जन शिकायतों के त्वरित समाधान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में निरंतर सुधार और स्वच्छता अभियान में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी का परिणाम है।
महापौर बोलीं- पटना के नागरिकों और सफाईकर्मियों को समर्पित है सम्मान
महापौर सीता साहू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे पटना शहर और यहां के नागरिकों को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पटना नगर निगम की पूरी टीम प्रतिबद्धता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के शहरों में विकास और स्वच्छता को नई गति मिल रही है। पटना नगर निगम भी इसी दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सफाईकर्मियों, निगमकर्मियों और पटनावासियों को बधाई दी।
सफाई अभियान में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी : रेशमी कुमारी
उप महापौर रेशमी कुमारी ने कहा कि पटना को मिला यह सम्मान सफाई साथियों के अथक परिश्रम और शहरवासियों के सहयोग का प्रतिफल है। स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। यह पुरस्कार स्वच्छता के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और नए एसटीपी से बदलेगी शहर की तस्वीर : यशपाल मीणा
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि पटना की स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जाएगा। पटना क्लस्टर में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का विकास, नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना और मोबाइल कोर्ट जैसी पहलें शहर की व्यवस्था को नई मजबूती देंगी। इन प्रयासों से आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में पटना का प्रदर्शन और बेहतर बनाने का लक्ष्य है।
तीन सर्वेक्षणों में लगातार उपलब्धियां, स्वच्छता के मोर्चे पर पटना की हैट्रिक
पटना नगर निगम ने पिछले तीन स्वच्छ सर्वेक्षणों में लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में पटना ने बिहार में पहला स्थान हासिल करने के साथ वाटर प्लस सर्टिफिकेट और 1-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग प्राप्त की थी। वर्ष 2024 में प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम ने 3-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग हासिल की और ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार से सम्मानित हुआ। अब स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का सम्मान हासिल कर पटना ने लगातार तीसरे सर्वेक्षण में अपनी उपलब्धियों का सिलसिला कायम रखा है।
लगातार मिल रहे ये सम्मान पटना नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने और नागरिक सहभागिता बढ़ाने के प्रयासों को रेखांकित करते हैं। यह उपलब्धि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ पटना के निर्माण की दिशा में एक नई प्रेरणा है। उल्लेखनीय है कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की अन्य श्रेणियों के परिणाम भी शीघ्र जारी किए जाएंगे।
