वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिली आर्थिक राहत; प्रत्येक लाभार्थी के खाते में भेजे गए 1,100 रुपये, एक महीने में 1.36 लाख से अधिक नए पेंशनधारी जुड़े
पटना। छठ महापर्व से पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के लाखों वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की। इस दौरान कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे गए। प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये की दर से पेंशन उपलब्ध कराई गई।
छठ महापर्व से ठीक पहले पेंशन की राशि मिलने से लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे पर्व की तैयारियां बेहतर तरीके से कर सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेंशनधारियों को प्रत्येक महीने समय पर राशि उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
एक महीने में 1.36 लाख से अधिक नए पेंशनधारी जुड़े
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अभी भी कई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर योजना से जोड़ने और उन्हें पेंशन का लाभ दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने के दौरान 1 लाख 36 हजार 854 नए पेंशनधारी इस योजना से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशनधारियों के बैंक खातों में राशि पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदना का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना केवल आर्थिक सहायता देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान की जा रही है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता देकर उनके जीवन में खुशहाली लाना है।
मुख्यमंत्री ने पेंशनधारियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम करती रहेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
बिहार पेंशन दिवस पर दिखाई गई लघु फिल्म
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम का परिचय और संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष बिहार पेंशन दिवस के संबंध में एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को बिहार पेंशन दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह, महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान तथा सामाजिक सुरक्षा एवं आईसीडीएस निदेशालय की निदेशक डॉ. प्रीति सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी, जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी जुड़े।
