राजकीय समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई गणमान्य लोगों ने अर्पित की पुष्पांजलि, देशभक्ति गीतों और बिहार गीत से गूंजा परिसर
पटना। बिहार के प्रथम राष्ट्रपति (संविधान सभा के प्रथम अस्थायी अध्यक्ष) और महान शिक्षाविद् स्वर्गीय डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पटना स्थित राधिका सिन्हा इंस्टीट्यूट एवं सच्चिदानंद सिन्हा लाइब्रेरी परिसर में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, विधायक श्याम रजक तथा पूर्व विधान पार्षद हरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर महान विभूति को नमन किया।
देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह स्थल
राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। गीत-संगीत की इन प्रस्तुतियों ने समारोह को गरिमामय और देशभक्तिपूर्ण माहौल प्रदान किया।
डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर आयोजित इस राजकीय समारोह के माध्यम से उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
