मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में नागरिकों के प्रदर्शन में शामिल भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य की गिरफ्तारी निंदनीय – कुणाल
‘वोट चोरी देशद्रोह है’ विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करने के बजाए ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी हो –भाकपा-माले
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित नागरिकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। भाकपा माले राज्य सचिव कुणाल ने पार्टी महासचिव की गिरफ़्तारी की निंदा की है। गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में भाकपा-माले के महासचिव कॉमरेड दीपंकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, अधिवक्ता प्रशांत भूषण, आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, अंजलि भारद्वाज, अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, राजीव डिमरी, रवि राय सहित कई अन्य नागरिक शामिल हैं।
भाकपा-माले के बिहार राज्य सचिव कुणाल ने शांतिपूर्ण नागरिक प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए उठ रही आवाजों को पुलिसिया कार्रवाई के जरिए दबाया नहीं जा सकता। चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के खुलासे के बाद कार्रवाई ज्ञानेश कुमार पर होनी चाहिए लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने की बजाए विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाकपा माले एवं नागरिकों का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक प्रतिरोध को रोक नहीं सकती। भाकपा-माले ने नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया है।
