राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में लोयो पंचायत ने मारी बाजी, नगड़ा पंचायत रही उपविजेता
18 नवंबर को बुढ़ाखुखरा मैदान में पांचों प्रखंडों की विजेता टीमों के बीच होगा महामुकाबला
मांडर। युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की बड़ी जरूरत है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार करता है। यह बातें झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को युवा कांग्रेस मांडर प्रखंड कमिटी की ओर से आयोजित राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान कहीं।
फाइनल समारोह में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बंधु तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रोमांचक मुकाबले में लोयो पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नगड़ा पंचायत की टीम दूसरे स्थान पर रही।
खिलाड़ियों और उपस्थित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को नशापान, सामाजिक कुरीतियों और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखने का एक सार्थक सामाजिक अभियान है। खेल युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, संघर्ष करने की क्षमता और सामूहिकता की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में सीखा गया टीमवर्क और अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता का आधार बनता है।
मंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन मांडर विधानसभा क्षेत्र के पांचों प्रखंडों में किया जा रहा है। इससे ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। गांवों के युवाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं।
उन्होंने युवा कांग्रेस मांडर प्रखंड कमिटी तथा आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और खेल प्रेमियों को इस शानदार एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ समाज में आपसी भाईचारे, सद्भावना और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
मंत्री ने बताया कि मांडर विधानसभा क्षेत्र के पांचों प्रखंडों की विजेता टीमें अब आगामी 18 नवंबर को बुढ़ाखुखरा मैदान, मांडर में आयोजित होने वाले भव्य सुपर फाइनल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन को खेल के एक बड़े महाकुंभ के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के नेता और कई गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे।
अंत में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के सभी खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से 18 नवंबर को बुढ़ाखुखरा मैदान पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
