शिल्पी नेहा तिर्की के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन, शिक्षा के क्षेत्र में भी बन रहा बेहतर माहौल
बंधु तिर्की की युवाओं से अपील– नशे, लापरवाह ड्राइविंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचें, खेल-शिक्षा को बनाएं प्राथमिकता
मांडर। मांडर विधानसभा क्षेत्र में खेल और शिक्षा के विकास को लेकर लगातार सकारात्मक पहल की जा रही है। खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हो रहे प्रयास सराहनीय हैं। यह बातें पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की के नेतृत्व में खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं के भविष्य को लेकर उनकी सोच दूरदर्शी और सकारात्मक है। राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट भी इसी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है।
बंधु तिर्की ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि वे नशापान, तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग जैसी जानलेवा गतिविधियों से दूर रहें। सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने के बजाय उसका उपयोग ज्ञान, रचनात्मकता और सकारात्मक गतिविधियों के लिए करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने माता-पिता और अभिभावकों के अनुभवों एवं मार्गदर्शन का सम्मान करना चाहिए तथा जीवन में भटकाव से बचते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सकारात्मक भागीदारी निभानी चाहिए। समाज और राजनीति में उनकी सक्रियता जनहित, सामाजिक समरसता और क्षेत्र के विकास को नई मजबूती दे सकती है।
अपने संबोधन में बंधु तिर्की ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “युवा अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें, खेल और शिक्षा को प्राथमिकता दें, समाज के लिए बेहतर कार्य करें तथा हर प्रकार के नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहें। एक स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित युवा शक्ति ही मजबूत समाज और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकती है।”
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के बीच खेल भावना, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम में आजाद अंसारी, अमित खलखो, मांगा उरांव, सेराफिना मिंज, शमीम अख्तर, जमील मलिक, आबिद अंसारी, विनोद खलखो, सुका उरांव, होसे उरांव, बंधु टोप्पो, हसन अंसारी, नवीन खलखो एवं एहसान अंसारी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
