जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंत्री शीला मंडल ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के दिए निर्देश
पटना। बिहार सरकार आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और गुणवत्ता सुनिश्चित करना स्वास्थ्य मंत्री निशांत की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्यभर में मिलावट के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। यह बातें बिहार सरकार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला मंडल ने मंगलवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ लोगों को सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराना भी स्वस्थ और समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनसुनवाई में सुनीं आम लोगों की समस्याएं
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री शीला मंडल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
मंत्री ने संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और समस्याओं के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आम लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
जनसुनवाई में ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी तथा कार्यक्रम समन्वय के लिए प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा उपस्थित रहीं।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सरकार एवं पार्टी की प्रतिबद्धता सामने आई।
