-नक्सली हिंसा में उजड़ा स्कूल, लेकिन नहीं टूटा हौसला; BBOSE से मैट्रिक पास कर गुरमाहा की पहली बेटी बनी सपना
-81 प्रतिशत अंक लाकर सपना कुमारी ने रचा इतिहास, गांव की दो अन्य बेटियों ने भी BBOSE के जरिए दोबारा शुरू की पढ़ाई
-बीच में पढ़ाई छोड़ चुके 1 लाख 85 हजार 987 परीक्षार्थियों के लिए उम्मीद की किरण बना बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड
जमुई/पटना। कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो और मंजिल पाने का जुनून हो, तो मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। बिहार के जमुई जिले के बरहट प्रखंड स्थित गुरमाहा गांव की बेटी सपना कुमारी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। नक्सली हिंसा में गांव के स्कूल की इमारत ध्वस्त हो जाने के बाद जहां बच्चों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया था, वहीं सपना ने हार मानने के बजाय बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) का सहारा लिया और मैट्रिक की परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक हासिल कर इतिहास रच दिया।
सपना अब गुरमाहा गांव की पहली बेटी बन गई है, जिसने मैट्रिक की परीक्षा पास की है। उसकी यह उपलब्धि न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।
हिंसा ने छीना स्कूल, लेकिन बेटियों के हौसले नहीं कर पाई कमजोर
गुरमाहा गांव में नक्सली हिंसा के कारण कुछ समय पहले स्कूल की इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्कूल टूटने के बाद गांव के बच्चों, विशेषकर बेटियों की पढ़ाई प्रभावित हुई। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती आगे की शिक्षा जारी रखने की थी। ऐसे कठिन हालात में भी गांव की तीन बेटियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने BBOSE में नामांकन कर अपनी अधूरी पढ़ाई को फिर से शुरू किया।
81 प्रतिशत अंक लाकर सपना ने बढ़ाया गांव का मान
गुरमाहा की तीन बेटियों में शामिल सपना कुमारी ने मैट्रिक की परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की है। उसकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि संसाधनों की कमी और विपरीत परिस्थितियां भी शिक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प को नहीं रोक सकतीं। सपना की उपलब्धि गांव की दूसरी बेटियों के लिए भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा बनेगी।
अधूरी पढ़ाई पूरी करने का माध्यम बना BBOSE
बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड उन लोगों के लिए शिक्षा का नया अवसर उपलब्ध करा रहा है, जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश बीच में छूट गई थी। इस व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के अनुसार पढ़ाई कर 10वीं और 12वीं की परीक्षा दे सकते हैं।
BBOSE के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1 लाख 85 हजार 987 परीक्षार्थी इस बोर्ड के माध्यम से परीक्षा दे चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि मुक्त विद्यालयी शिक्षा उन लोगों के लिए कितना महत्वपूर्ण विकल्प बन रही है, जो पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था से किसी कारणवश जुड़ नहीं पाए।
सपना कुमारी की सफलता इस बात की मिसाल है कि शिक्षा के अवसर उपलब्ध हों तो विपरीत परिस्थितियों में भी बदलाव की नई कहानी लिखी जा सकती है। गुरमाहा की इस बेटी ने साबित कर दिया है कि स्कूल की इमारत भले ही टूट जाए, लेकिन शिक्षा पाने का संकल्प और सपनों की उड़ान कभी नहीं टूटती।
