सौम्या श्रीवास्तव के साथ सुरों का संगम, ‘सइयां अरब गईले ना-2’ के गीत में दिखी छठ महापर्व की आस्था और लोक संस्कृति
मुंबई लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक के बीच भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता एवं गायक खेसारीलाल यादव अपनी सुरीली आवाज से छठी मैया की भक्ति में रंग भर रहे हैं। उनकी आवाज में गायिका सौम्या श्रीवास्तव के साथ गाया गया छठ गीत ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ श्रोताओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भोजपुरी फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ का यह गीत छठ पर्व की परंपरा, श्रद्धा और लोक संस्कृति को खूबसूरती से प्रस्तुत करता है।
फिल्म के निर्माता अभय सिन्हा ने कहा, “छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है। फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ के गीत ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के माध्यम से छठ की महिमा और श्रद्धा को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। हमारी कोशिश है कि भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से लोक संस्कृति और पर्व-त्योहारों की परंपरा को आगे बढ़ाया जाए। उम्मीद है कि दर्शक और छठ व्रती इस गीत को खूब प्यार देंगे।”
खेसारीलाल यादव की दमदार और भावपूर्ण गायकी के साथ सौम्या श्रीवास्तव की मधुर आवाज इस गीत को खास बनाती है। गीत में छठी मैया की आराधना, सूर्य उपासना और अर्घ्य देने की परंपरा को संगीत के माध्यम से जीवंत किया गया है। छठ के अवसर पर भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए यह गीत भक्ति और उत्सव का सुंदर संगम लेकर आया है।
खेसारीलाल यादव ने कहा, “छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा सबसे खास पर्व है। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ गीत के माध्यम से छठी मैया की महिमा और सूर्य उपासना की परंपरा को सुरों में पिरोने की कोशिश की गई है। सौम्या श्रीवास्तव के साथ इस गीत को गाकर मुझे बेहद खुशी हुई। उम्मीद है कि श्रोता इस गीत को अपना प्यार देंगे और यह छठ के माहौल को और भक्तिमय बनाएगा। छठी मैया से यही प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।”
गीत के बोल विनय बिहारी ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत शुभम सिन्हा और शोभित सिन्हा ने तैयार किया है। गीत में खेसारीलाल यादव के साथ दर्शना बनिक, आस्था सिंह, दीपिका सिंह, माया यादव और अयाज खान भी नजर आ रहे हैं।
फिल्म के कार्यकारी निर्माता अनिल कुमार सिंह हैं। कहानी, पटकथा एवं निर्देशन की जिम्मेदारी प्रेमांशु सिंह ने संभाली है। कोरियोग्राफी मनोज (एम.के. गुप्ता जॉय) ने की है, जबकि छायांकन की जिम्मेदारी वासु ने निभाई है। माजर खान सहयोगी निर्देशक हैं।
भोजपुरी संगीत में छठ गीतों की हमेशा से खास पहचान रही है। खेसारीलाल यादव जैसे लोकप्रिय कलाकारों की आवाज में ऐसे गीत नई पीढ़ी को भी लोक आस्था और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ इसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छठ के भक्तिमय माहौल को और खास बना रहा है।
