महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर स्थानीय लोगों से मिले मुख्यमंत्री, शुभकामनाओं के साथ भेंट किए उपहार; जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से वंचित वर्गों के बीच जाकर त्योहार मनाने की अपील
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर सामाजिक समरसता और सहभागिता का संदेश देते हुए दीघा-आशियाना रोड स्थित महादलित बस्ती में स्थानीय लोगों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने महालक्ष्मी देवी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की तथा बस्ती के लोगों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली खुशियों और उल्लास का पर्व है। मेरी कामना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़े और राज्य में सुख, शांति एवं खुशहाली का वातावरण बना रहे। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की समान भागीदारी से ही त्योहारों की खुशियां सार्थक होती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने राज्य के सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों से विशेष आग्रह किया है कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति और अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर उनके साथ त्योहार मनाएं। समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के सभी वर्ग इसमें समान रूप से शामिल हों।
1.92 करोड़ परिवारों को मिल रहा 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 92 लाख परिवारों को प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ सकते हैं। इसके लिए आगामी एक दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से मिलेगी विकास को नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री बिहार आएंगे। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।
सीमाओं पर तैनात जवानों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं। इस वर्ष वे नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। यह देश के जवानों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक संजीव चौरसिया, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
