पटना। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने देश की एकता और अखंडता के अग्रदूत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। अपने संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि देश के राजनीतिक एवं प्रशासनिक एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। स्वतंत्रता के बाद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से 550 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ किया। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के एकीकरण में उनकी निर्णायक भूमिका आधुनिक भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित हुई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था के भी प्रमुख शिल्पकार थे। भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा जैसी अखिल भारतीय सेवाओं को सुदृढ़ करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका मानना था कि एक मजबूत, निष्पक्ष और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था ही देश की एकता, स्थिरता और सुशासन का आधार है। डॉ. कुमार ने युवा पीढ़ी से सरदार पटेल के राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और विचार आज भी देशवासियों को आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।
