कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने दी बधाई
पटना। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) के प्रथम वर्ष की समीक्षा में गया जिले के देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिला पदाधिकारी, गया, जिला कृषि पदाधिकारी, गया तथा गया जिला के कृषि विभाग की पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मंत्री ने कहा कि यह बिहार के कृषि विभाग के लिए अत्यंत गौरवशाली दिन है। देश के 100 चयनित जिलों में गया का शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और टीम भावना का परिणाम है, साथ ही गया के मेहनती किसानों के विश्वास और सहभागिता का प्रमाण भी है।
योजना के अंतर्गत कृषि, सहकारिता, बैंकिंग, राजस्व, उद्योग और ग्रामीण विकास सहित 11 विभागों की 36 योजनाओं को संतृप्ति-आधारित दृष्टिकोण से जोड़ा गया है। इसके 121 संकेतकों की मासिक निगरानी में गया ने देश के सभी जिलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जिले ने फसल विविधीकरण, उत्पादकता वृद्धि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पंचायत स्तर पर भंडारण व्यवस्था तथा किसानों को समय पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी ने गया के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर को सम्मानित किया।
श्री सिन्हा ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में यह योजना किसानों की समृद्धि का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी का भी धन्यवाद किया, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से राज्यों और जिलों को बेहतर कार्य की प्रेरणा मिली है। मंत्री ने बिहार के सभी अन्नदाता किसान भाइयों-बहनों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत ही बिहार की कृषि प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि गया की यह सफलता अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बनेगी और राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, उत्पादकता वृद्धि और आय में बढ़ोतरी के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी।
