बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने जयंती समारोह में किया नमन, बोले- पृथक बिहार के गठन से लेकर संविधान निर्माण तक उनकी भूमिका ऐतिहासिक; नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना जरूरी
पटना। आधुनिक बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रख्यात अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं संविधान सभा के प्रथम अंतरिम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर मंगलवार को बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति डॉ. राम वचन राय, विधान परिषद सदस्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं पूर्व मंत्री जनक राम ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का योगदान बिहार के इतिहास और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में अविस्मरणीय है। उन्होंने बिहार को एक विशिष्ट पहचान दिलाने के साथ-साथ शिक्षा, पत्रकारिता, विधि और संविधान निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पृथक बिहार के गठन में निभाई अहम भूमिका
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 10 नवंबर 1871 को आरा में जन्मे डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा प्रख्यात अधिवक्ता, निर्भीक पत्रकार और दूरदर्शी शिक्षाविद् थे। पृथक बिहार के गठन की दिशा में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वे केंद्रीय विधान सभा के प्रथम भारतीय उपाध्यक्ष और पटना विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे।
उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक में डॉ. सिन्हा ने अंतरिम अध्यक्ष का दायित्व संभाला और देश के संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया का शुभारंभ किया। वर्ष 1924 में सिन्हा लाइब्रेरी की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा और ज्ञान के प्रसार में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका जीवन संवैधानिक मर्यादाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार के स्वाभिमान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके सपनों के शिक्षित, समृद्ध और स्वाभिमानी बिहार का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
बिहार की क्षेत्रीय अस्मिता को मजबूत करने में रहा योगदान : डॉ. राम वचन राय
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति डॉ. राम वचन राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने बंगाल से बिहार को अलग करने की मांग के माध्यम से बिहार की विशिष्ट पहचान और क्षेत्रीय अस्मिता को मजबूत आधार दिया। उन्होंने डॉ. सिन्हा और मौलाना मजहरुल हक के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों का महात्मा गांधी से भी निकट संबंध रहा था।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब अनेक ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को भुलाया जा रहा है, ऐसे समय में डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को याद करना और उनके योगदान पर चर्चा करना सराहनीय पहल है।
नई पीढ़ी को पढ़ाया जाए डॉ. सिन्हा का इतिहास
विधान परिषद सदस्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के प्रयासों से ही आधुनिक बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। बिहार और विशेषकर पटना को उनकी दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण लाभ मिला।
वहीं, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य जनक राम ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. सिन्हा के ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। इसके लिए उनके जीवन और कार्यों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां बिहार के गौरवशाली इतिहास और उसके निर्माताओं को जान सकें।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
समारोह में बिहार विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह सहित सचिवालय के अन्य पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन रणविजय रौशन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रशाखा पदाधिकारी कनुप्रिया मिश्रा ने किया।
डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर आयोजित इस समारोह में वक्ताओं ने उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
