रांची। जीईएल चर्च, रांची के बिशप Rt. Rev. सीमान्त संदीप तिर्की जी के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की उनके निवास स्थान पहुँचे। दोनों ने दिवंगत बिशप को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं बंधु तिर्की ने कहा कि बिशप सीमान्त संदीप तिर्की जी का निधन कलीसिया समाज के साथ-साथ पूरे सामाजिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
समाज के दबे-कुचले, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने अपने सेवाभाव, विचारों और सामाजिक योगदान से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों, जीईएल चर्च परिवार एवं समस्त विश्वासियों के साथ हैं। प्रभु परमेश्वर दिवंगत बिशप सीमान्त संदीप तिर्की जी को अपनी शाश्वत शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों एवं सभी विश्वासियों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य दें।
