पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे वैभव, सूरज कश्यप को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी; शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम का चयन
पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने आगामी सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप उपकप्तान होंगे। वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कमान संभालेंगे। उनके नेतृत्व में बिहार की टीम 14 नवंबर से इंदौर में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
बीसीए की सीनियर चयन समिति की बैठक छह नवंबर को आयोजित की गई। इसमें खिलाड़ियों के चयन ट्रायल और उनके पिछले प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम को अंतिम रूप दिया गया। चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय बैठक में मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सारथ ने टेलीफोन के माध्यम से बैठक में भाग लिया। चार से छह नवंबर तक आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद टीम का चयन किया गया।
16 खिलाड़ी स्टैंडबाय में शामिल
टीम के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ियों के रूप में बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के बाद मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी मिलना उनके क्रिकेट करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने के बाद उन्होंने भारतीय टी-20 टीम में भी जगह बनाई। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 118 रन जोड़कर पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया। वैभव ने इस मुकाबले में 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली।
14 नवंबर को सौराष्ट्र से होगा पहला मुकाबला
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार का पहला मुकाबला 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ खेला जाएगा। बीसीए के अनुसार, घोषित टीम शुरुआती दो मुकाबलों में बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी। टूर्नामेंट के दौरान बिहार रणजी ट्रॉफी टीम के साथ जुड़े सपोर्ट स्टाफ को ही टीम के साथ रखा जाएगा। इसके अलावा बीसीए की चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय इंदौर में रहकर टीम के मुकाबलों का अवलोकन करेंगे। बीसीए को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी के नेतृत्व में बिहार की टीम अनुशासित और प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन करते हुए घरेलू क्रिकेट में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
-
- कप्तान: वैभव सूर्यवंशी
- उपकप्तान: सूरज कश्यप
- विकेटकीपर: आयुष लोहारुका और अनमोल कुमार
- अन्य खिलाड़ी: आलोक कुमार, अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।
- मंगल महौर और तेज गेंदबाज शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। पहले दो मैचों के बाद उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
