मोइन-उल-हक स्टेडियम में करीब 43 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस का हुआ आकलन
पटना। आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) टी-20 टूर्नामेंट के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) की ओर से आयोजित अंतिम चयन ट्रायल शुक्रवार को मोइन-उल-हक स्टेडियम में संपन्न हुआ। बिहार की सीनियर चयन समिति की ओर से आमंत्रित करीब 43 खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। ट्रायल में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हुए। उनके अलावा आईपीएल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके तेज गेंदबाज साकिब हुसैन, मोहम्मद इजहार, बिपिन सौरभ, आकाश राज और सूरज कश्यप समेत कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि बीसीए ने आगामी एसएमएटी टी-20 टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत चार से सात नवंबर तक सीनियर खिलाड़ियों के चयन ट्रायल का कार्यक्रम निर्धारित किया था। इसके तहत चार और पांच नवंबर को आयोजित प्रारंभिक ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। इसके बाद सीनियर चयन समिति ने करीब 43 खिलाड़ियों को अंतिम ट्रायल के लिए आमंत्रित किया था। सभी खिलाड़ियों को छह नवंबर को सुबह 9:30 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था। अंतिम ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण क्षमता, फिटनेस और टी-20 प्रारूप के अनुरूप प्रदर्शन का आकलन किया गया। चयन समिति खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी टूर्नामेंट के लिए बिहार की टीम को अंतिम रूप देगी। बीसीए का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ आगामी घरेलू सत्र के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करना है।
- प्रमुख खिलाड़ियों की भागीदारी: ट्रायल में बिहार के उभरते हुए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ आईपीएल खेल चुके तेज गेंदबाज साकिब हुसैन, मोहम्मद इजहार, बिपिन सौरभ, आकाश राज और सूरज कश्यप जैसे राज्य के कई प्रमुख चेहरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
- चयन की प्रक्रिया: बीसीए द्वारा यह पूरी प्रक्रिया 4 से 7 नवंबर तक निर्धारित थी। शुरुआती दो दिनों (4 और 5 नवंबर) में प्रारंभिक ट्रायल आयोजित किए गए थे, जिसके प्रदर्शन के आधार पर सीनियर चयन समिति ने 43 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर 6 नवंबर को फाइनल ट्रायल के लिए बुलाया था।
- मूल्यांकन के मुख्य मापदंड: मोइन-उल-हक स्टेडियम में सुबह 9:30 बजे से शुरू हुए इस फाइनल ट्रायल में चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग स्किल्स, फिटनेस और विशेष रूप से टी20 प्रारूप की खेल क्षमता का बारीकी से आकलन किया।
