सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी से पहले पुरुष टीम से की मुलाकात, बिहार की अंडर-23 महिला टीम को भी दीं सफलता की शुभकामनाएं
बिहार क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए BCA प्रतिबद्ध, खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
पटना। सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी में बिहार की चुनौती से पहले बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने मंगलवार को पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम पहुंचकर युवा क्रिकेटर एवं बिहार टीम के नवनियुक्त कप्तान वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार पुरुष क्रिकेट टीम के अन्य खिलाड़ियों से भी संवाद किया और टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लेते हुए पूरी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बिहार टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने पर वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए हर्ष वर्धन ने कहा कि कप्तानी उनके लिए अपनी बल्लेबाजी प्रतिभा के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, खेल की समझ और टीम को एकजुट रखने के कौशल को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने वैभव और पूरी टीम को आत्मविश्वास, अनुशासन तथा सामूहिक भावना के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर BCA अध्यक्ष ने बिहार अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। महिला टीम आगामी BCCI घरेलू T20 मुकाबलों के लिए रायपुर में होने वाली प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटी है। हर्ष वर्धन ने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और अभ्यास को लेकर चर्चा की तथा उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान हर्ष वर्धन ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी और पुरुष टीम के अन्य खिलाड़ियों से मिलकर मुझे बेहद खुशी हुई। सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के लिए बिहार टीम का कप्तान नियुक्त किए जाने पर मैं वैभव को विशेष रूप से बधाई देता हूं। यह उनके लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने का सुनहरा अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार की टीम दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सामूहिक भावना के साथ मैदान पर उतरेगी। मैं पूरी टीम को टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
महिला क्रिकेट टीम के संबंध में उन्होंने कहा, “बिहार अंडर-23 महिला टीम की खिलाड़ियों से मिलकर और उनकी तैयारियों के बारे में जानकर बेहद उत्साहित हूं। हमारी महिला क्रिकेटरों की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण सराहनीय है। मैं सभी खिलाड़ियों से कहना चाहता हूं कि वे अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें, पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलें और अपने प्रदर्शन से बिहार को गौरवान्वित करें।”
BCA अध्यक्ष ने कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रोत्साहन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही बिहार क्रिकेट की प्रगति की असली ताकत है। BCA हर खिलाड़ी की क्रिकेट यात्रा में मजबूती से उसके साथ खड़ा है और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखेगा।
इस अवसर पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट ऑपरेशंस महाप्रबंधक (GM) सुनील सिंह, टीम के सहायक कोच अशोक कुमार, फिजियोथेरेपिस्ट हेमेंदु तथा स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (S&C) कोच गोपाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने टीमों की तैयारियों और आगामी प्रतियोगिताओं से संबंधित जानकारी साझा की।
बिहार क्रिकेट के लिए यह मुलाकात पुरुष और महिला दोनों टीमों का मनोबल बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
