परिजनों से मिलकर जताई संवेदना, कहा- घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तय हो जवाबदेही; पुलिस की भूमिका और प्रशासनिक लापरवाही की भी हो जांच
रांची। आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो सोमवार को गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव उरु बारुडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत निशा भगत के पिता एवं झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। साथ ही इस कठिन समय में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उनके साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी और मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी मौजूद थे।
परिजनों से मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। यह सामान्य घटना नहीं है। इसके पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
आजसू अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर हुई है और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिकारियों और माफिया के बीच कथित गठजोड़ की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो
महतो ने कहा कि आत्महत्या से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी की ओर से समय रहते सक्रियता नहीं दिखाना गंभीर मामला है। यह पुलिस की कार्यशैली, संवेदनशीलता और जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए कि निशा भगत की शिकायतों और उनकी सुरक्षा से संबंधित सूचनाओं पर क्या कार्रवाई की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना पर राज्य सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
सुदेश महतो ने मांग की कि निशा कुमारी भगत की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कराई जाए और सभी संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। जांच में जिन लोगों की भूमिका या लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़े, यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। निशा भगत के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करना आवश्यक है। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
