प्रो. डॉ. दीपाली सुंदरी वर्मा सम्मानित
पटना। ज्ञान भवन, पटना में आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस के भव्य समारोह में राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पटना के शल्य तंत्र विभाग की प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. दीपाली सुंदरी वर्मा को आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें बिहार सरकार एवं राज्य आयुष समिति की ओर से बिहार सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार जी एवं सचिव, स्वास्थ्य विभाग श्री रवि कुमार द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक-चिह्न प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. रत्नेश्वर शर्मा, डॉ. गिन्नी जाखनवाल, डॉ. वरुण कुमार, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग सहित कुल आठ विशिष्ट व्यक्तियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार जी एवं मुख्य अतिथि श्री रवि कुमार, सचिव, स्वास्थ्य विभाग के कर-कमलों द्वारा हुआ। समारोह में कार्यपालक निदेशक, राज्य आयुष समिति, बिहार श्री वैभव चौधरी, डॉ. धनंजय शर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव श्री शंभू सरण सहित अनेक वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पटना के चिकित्सक, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं स्नातकोत्तर अध्येता भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समारोह में “Ayurveda for Healthier Tomorrow” की भावना के अनुरूप आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा को आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ते हुए स्वस्थ एवं सुदृढ़ भविष्य के निर्माण में आयुर्वेद की भूमिका पर बल दिया गया।
