दीघा घाट से मुख्यमंत्री ने कैटामरान वेसल को दिखाई हरी झंडी, 50 रुपये होगा वयस्कों का किराया; 50 यात्रियों की क्षमता वाले आधुनिक जलयान से अशोक राजपथ के जाम से भी मिलेगा विकल्प
पटना। बिहार में गंगा नदी के माध्यम से पर्यटन और जल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दीघा घाट से आधुनिक कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ कर हरी झंडी दिखाई। इस सेवा से पटना के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को गंगा में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही, सड़क यातायात पर निर्भरता कम करने और अशोक राजपथ के ट्रैफिक जाम के बीच आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक एवं सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गंगा बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। वाटर मेट्रो के परिचालन से नदी आधारित पर्यटन की संभावनाओं को भी विस्तार मिलेगा।
50 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस जलयान
वाटर मेट्रो 50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक कैटामरान वेसल है। इसमें उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इससे जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। जलयान की बैटरी चार्जिंग के लिए दीघा स्थित मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है। इससे इसके नियमित परिचालन और ऊर्जा आपूर्ति में सुविधा होगी।
50 रुपये होगा वयस्कों का टिकट
वाटर मेट्रो में वयस्क यात्रियों के लिए 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधा किराया देना होगा। फिलहाल यात्री दीघा घाट पर बने काउंटर से टिकट खरीद सकेंगे। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
दीघा से गांधी घाट तक होगा परिचालन
निर्धारित परिचालन व्यवस्था के अनुसार, वाटर मेट्रो दीघा (मीनार घाट) से रवाना होकर गांधी घाट पहुंचेगी। इसके बाद गांधी घाट से वापस दीघा के लिए प्रस्थान करेगी और शाम को मीनार घाट पहुंचेगी। भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक किए जाने की योजना है। इससे गंगा नदी के किनारे स्थित अन्य प्रमुख स्थलों तक जल परिवहन और पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पर्यटन और परिवहन को मिलेगा नया विकल्प
वाटर मेट्रो की शुरुआत से पटना में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस जलयान के माध्यम से पर्यटक गंगा की सैर कर सकेंगे। वहीं, स्थानीय लोगों को भी जलमार्ग से आवागमन का एक नया विकल्प मिलेगा। इस पहल से गंगा के आसपास पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार एवं संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
