कुश्ती प्रतियोगिता में विजेताओं को मिले पुरस्कार, लोमष ऋषि परिसर में गोवर्धन मंदिर निर्माण के लिए मुखिया ने 2.51 लाख और नगर पंचायत प्रतिनिधि ने 51 हजार रुपये देने की घोषणा की
रजौली। रजौली पूर्वी पंचायत स्थित लोमष ऋषि के प्रांगण में मंगलवार को धमनी पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय जयराम प्रसाद की स्मृति में भव्य दंगल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्थानीय सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला, ताकत और दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में बजवातरी के मनीष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन रजौली पूर्वी पंचायत के मुखिया संजय यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव, सचिव अरविंद यादव और उपसचिव एवं शिक्षक दिलीप कुमार ने प्रतियोगिता के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। करणपुर निवासी साधु यादव ने बताया कि जयराम प्रसाद की स्मृति में इस दंगल का आयोजन कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसमें हर साल दूर-दराज के क्षेत्रों से पहलवान पहुंचकर अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। इस बार भी दर्जनों पहलवानों ने विभिन्न मुकाबलों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में बजवातरी के मनीष कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। काजिकटात के संटू कुमार दूसरे और सतगिर के गोलू यादव तीसरे स्थान पर रहे। इस बार आयोजन में पहली बार बाल पहलवानों के लिए भी अलग प्रतियोगिता रखी गई। इसमें छतनी के एक बाल पहलवान ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गोवर्धन मंदिर निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
दंगल के समापन और पुरस्कार वितरण के दौरान ग्रामीणों ने लोमष ऋषि परिसर में भव्य गोवर्धन मंदिर निर्माण की मांग जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी। इस पर मुखिया संजय यादव ने मंदिर निर्माण के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं, रजौली नगर पंचायत प्रतिनिधि प्रमोद चंद्रवंशी ने 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। जनप्रतिनिधियों की इस पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. परमेश्वर दयाल ने विभिन्न विषयों पर उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय कार्यकर्ता सचिन कुमार उर्फ सोनू, बिट्टू कुमार, रितेश कुमार, पंकज कुमार और रौशन कुमार की भूमिका सराहनीय रही। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुश्ती प्रेमी उपस्थित थे।
