रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 24 सितंबर 2026 को कैट हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 4:00 बजे से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, योगदा सत्संग सोसाइटी के स्वामी शंकरानंद, अधिष्ठाता (छात्र कार्य) डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव तथा छात्र विकास सलाहकार श्री दीपक कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं संस्थान प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने स्वामी शंकरानंद जी को सम्मानित किया। छात्र विकास सलाहकार श्री दीपक कुमार ने स्वागत भाषण दिया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कुलपति द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना की वेबसाइट का शुभारंभ किया गया, जिससे राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को ऑनलाइन लोगों तक पहुँचाया जा सके।
कुलपति ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक ज़िम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उद्घाटन सत्र के अंत में अधिष्ठाता (छात्र कार्य) डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। “युवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व” विषय पर योगदा सत्संग सोसाइटी के स्वामी शंकरानंद द्वारा विशेष संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
