पहले दो मुकाबलों के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन, अर्णव तिवारी होंगे उपकप्तान; सात खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया
पटना। विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2026-27 में बिहार की अंडर-16 टीम अपने अभियान के लिए तैयार है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) की पुरुष जूनियर चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। उत्तम भरद्वाज को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि अर्णव तिवारी उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
घोषित टीम में सूरज कुमार, आकाश देव, ऋषित रतन, अर्णव तिवारी, नमन कुमार सिंह, पीयूष तिवारी, उत्तम भरद्वाज, स्वर्णमोल रत्ना, रमन, मानस राज, मोहम्मद समीर, अयान जकी, आर्यन केशरी, अमर कुमार और अगस्त्य को जगह मिली है।
सात खिलाड़ी स्टैंडबाय में शामिल
चयन समिति ने सात खिलाड़ियों को स्टैंडबाय सूची में भी रखा है। इनमें अयान राज, अमृत राज, निशांत कुमार, प्रशांत कुमार, सुमित कुमार पंकज और यक्षेंद्र कुमार शामिल हैं।
कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की भी जिम्मेदारी तय
टीम के साथ मुख्य कोच के रूप में जय प्रकाश पांडेय रहेंगे। मो. रहमतुल्लाह को बल्लेबाजी कोच सह मैनेजर, सुमित कुमार को क्षेत्ररक्षण कोच, अमन राज को ट्रेनर और कुंदन कुमार को फिजियो की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
10 नवंबर को अभिभावकों के साथ रिपोर्ट करेंगे खिलाड़ी
बीसीए ने सभी चयनित और स्टैंडबाय खिलाड़ियों को 10 नवंबर 2026, मंगलवार को सुबह 10 बजे अपने माता-पिता अथवा अभिभावक के साथ बीसीए कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। कार्यालय का पता 45-सी, पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना-13 निर्धारित किया गया है। इस दौरान खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों को डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र, पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों की स्कूल मार्कशीट, आधार कार्ड, विद्यालय का बोनाफाइड प्रमाणपत्र, पैन कार्ड तथा बैंक पासबुक अथवा कैंसिल चेक साथ लाना अनिवार्य है।
बीसीए ने सभी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अपील की है, ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। एसोसिएशन का उद्देश्य राज्य के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में बिहार की जूनियर टीम के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी।
