सभी योजनाओं की पोर्टल पर अनिवार्य प्रविष्टि, कार्यों में तेजी लाने तथा प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन साझा करने का निर्देश
छपरा। जिला पदाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित एवं चयनित योजनाओं की प्रगति, कार्यारंभ, पोर्टल पर प्रविष्टि तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) से संबंधित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
1. पंचायती राज विभाग एवं मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा
पंचायती राज विभाग द्वारा मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास के संबंध में संबंधित कनीय अभियंताओं, सहायक अभियंताओं एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी गई। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS) को निर्देश दिया कि जिले के सभी ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची जिला पंचायती राज पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं, जिनके अपने भवन हैं अथवा जो किसी सरकारी भवन, सामुदायिक भवन या विद्यालय में संचालित हैं, ताकि इन केंद्रों के विकास हेतु आवश्यक योजनाओं को चयनित कर क्रियान्वित किया जा सके तथा संबंधित पोर्टल पर उनकी प्रविष्टि सुनिश्चित हो सके।
2. ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा
ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जिले की 318 पंचायतों में मिशन कायाकल्प के तहत कुल 1,560 योजनाओं का चयन किया गया है। समीक्षा के दौरान इन योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं होने की स्थिति पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी योजनाओं की प्रविष्टि तत्काल सुनिश्चित करने तथा योजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
मनरेगा के अंतर्गत 1,565 योजनाओं के लिए जाने,115 में कार्य प्रारंभ होने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मिशन कायाकल्प से संबंधित सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रतिदिन साझा की जाए तथा प्रत्येक योजना की पोर्टल पर प्रविष्टि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
3. स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 475 हेल्थ फैसिलिटी के अंतर्गत योजनाएं चिह्नित हैं, जिनमें 234 में कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा 218 में कार्य पूर्ण हो गया है। शेष योजनाओं में भी आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। जिन स्वास्थ्य संस्थानों में प्राक्कलन अथवा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है, वहां संबंधित पदाधिकारियों को लंबित प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
4. शिक्षा विभाग एवं विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास
शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के विद्यालयों में रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक चयनित विद्यालय में निर्धारित कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए और सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
जिले के कुल 2,739 विद्यालयों में से 2,108 विद्यालयों के लिए कार्य चयनित किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) द्वारा 152 योजनाएं लिए जाने (विद्यालयों में एन आई टी-27 के तहत प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों से संबंधित योजनाओं की प्रगति )की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को चयनित योजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
5. सभी विभागों को समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश
समीक्षा के दौरान जिले में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत लगभग 6,500 योजनाएं चिह्नित होने की जानकारी दी गई। इनमें से 5,749 योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं रहने अथवा कार्यारंभ की स्थिति में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग चयनित योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि तत्काल सुनिश्चित करें तथा जिन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उन पर अविलंब कार्य शुरू कराएं।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मिशन कायाकल्प के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। प्रत्येक योजना की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्य प्रारंभ होने से पूर्व (Before), कार्य के दौरान (During) तथा कार्य पूर्ण होने के बाद (After) की तस्वीरों सहित समुचित दस्तावेजीकरण किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत चयनित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अतः सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराएं, ताकि जिले में सार्वजनिक संस्थानों की आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित हो सके।
