पटना। पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बाँकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटना में स्थित वज्रगृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा आगामी 27 अक्टूबर 2026 को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी तंत्र का अवलोकन किया। साथ ही, मतगणना के दिन आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 मतगणना टेबल तथा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए 7 मतगणना टेबल निर्धारित किए गए हैं.
