पटना। 72वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा दो बार स्थगित होने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार पासवान ने परीक्षा में बार-बार हो रही देरी पर चिंता जताते हुए आयोग से अविलंब नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की है।
डॉ. पासवान ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए समय का विशेष महत्व होता है। अभ्यर्थी घोषित संभावित तिथि को ध्यान में रखकर अपनी पढ़ाई की रणनीति बनाते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षा स्थगित होने से उनकी तैयारी की पूरी योजना प्रभावित हो रही है। इससे युवाओं में मानसिक तनाव, असमंजस और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की अनिश्चितता केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अभ्यर्थियों पर आर्थिक और पारिवारिक दबाव भी बढ़ता है। लंबे समय तक परीक्षा का इंतजार करने से उनकी मेहनत, समय और संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोग को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
डॉ. पासवान ने कहा कि युवाओं को आश्वासन नहीं, स्पष्ट समय-सीमा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहिए। आयोग को तत्काल नई परीक्षा तिथि घोषित कर भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों की अनिश्चितता समाप्त हो और वे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी तैयारी जारी रख सकें।
