पटना। बिहार प्रदेश जनता दल (यू) के मा0 प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को जारी अपने बयान में राज्य में मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं वितरण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मा0 स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध मा0 स्वास्थ्य मंत्री द्वारा अपनाई गई ‘जीरो टाॅलरेंस’ की नीति और राज्यव्यापी अभियान का व्यापक एवं सकारात्मक असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा अब तक राज्यभर के 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है। सरकार की सख्ती का ही परिणाम है कि मानकों की अनदेखी करने वाले 2 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं, जबकि 15 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियोजन दायर किया गया है। इसके अलावा, भारी मात्रा में एक्सपायरी हो चुकी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी निर्गत की गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मा0 स्वास्थ्य मंत्री की इस त्वरित और सख्त पहल की पूरे प्रदेश में व्यापक प्रशंसा हो रही है तथा आम जनता इस कार्रवाई से बेहद संतुष्ट है।
निशांत ने स्पष्ट शब्दों में यह संदेश दिया है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की यह कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। कुशवाहा ने कहा कि एक ‘स्वस्थ बिहार’ की मजबूत नींव पर ही ‘समृद्ध बिहार’ का सपना साकार हो सकता है और इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए मा0 श्री निशांत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। आम जनमानस के लिए अत्याधुनिक व सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना मा0 स्वास्थ्य मंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
