“सरदार पटेल के एकता और संकल्प के विचारों से ही बनेगा झारखंड का स्वर्णिम भविष्य”— सुदेश कुमार महतो
धनबाद और रामगढ़ में सरदार पटेल की जयंती समारोह में पहुंचे सुदेश कुमार महतो
लौह पुरुष को दी श्रद्धांजलि, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
धनबाद। धनबाद के मेमको मोड़ स्थित द रीट रिसोर्ट में अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ, धनबाद द्वारा आयोजित महान स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती समारोह में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस श्रद्धांजलि सह सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, अदम्य साहस और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का संबोधन करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा, “सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का प्रेरणास्रोत है। देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनका ऐतिहासिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। हमें इस विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए एकजुटता का परिचय देना है ताकि आने वाले समय में हम सब मिलकर झारखंड और देश का स्वर्णिम भविष्य गढ़ सके।” वहीं, इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पटेल समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सुदेश कुमार महतो ने छात्र-छात्राओं को प्रस्तित पत्र देकर उनका सम्मान और उत्साहवर्धन किया।
इस कार्यक्रम में आजसू पार्टी की ओर से केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राधेश्याम गोस्वामी, अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ के संरक्षक सुरेन्द्र कुमार सिन्हा उर्फ पलटन बाबू, अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिन्हा, मुख्य सलाहकार सुशील कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सचिदानंद सिंह, उपाध्यक्ष बामेश्वर सिंह, उप-कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार, सचिव राम बाबू सिंह, सलाहकार समिति के सदस्य जगदीश सिंह,चंद्रशेखर चौधरी, मीडिया कोऑर्डिनेटर संतोष सिंह, संयुक्त सचिव देव नंदन प्रसाद, कानूनी सलाहकार बिजेन्द्र कुमार, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष संतोष कुमार महतो केंद्रीय सदस्य रतिलाल महतो, धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो, बोकारो जिला अध्यक्ष सचिन महतो, महिला नेत्री श्रीमती रजनी रवानी एवं आजसू छात्र संघ के प्रदेश महासचिव विशाल कुमार महतो सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रामगढ़ के पटेल भवन में लौह पुरुष को दी श्रद्धांजलि
धनबाद के बाद सुदेश कुमार महतो रामगढ़ के पटेल चौक स्थित पटेल भवन में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुए। वहीं, इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरिडीह के लोकप्रिय सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और मांडू के विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने सरदार पटेल जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए असहाय एवं वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।
इस दौरान सुदेश कुमार महतो ने कार्यक्रम का संबोधन करते हुए कहा, “सरदार पटेल के एकता और संकल्प के विचारों से ही बनेगा झारखंड का स्वर्णिम भविष्य। इसलिए जरूरी है कि हम धर्म, संस्कृति और भाषा की विविधताओं से ऊपर उठकर एकता के संकल्प को और मजबूत करें।” इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय सचिव धनेश्वर महतो सहित पार्टी के कई सम्मानित पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
