बिहार को अलग पहचान दिलाने से लेकर शिक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास तक डॉ. सिन्हा का योगदान ऐतिहासिक : प्रो. रामवचन राय
विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति ने कहा– राष्ट्रीय चेतना के साथ क्षेत्रीय अस्मिता को स्वर देने वाले दूरदर्शी व्यक्तित्व थे डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा
पटना। आधुनिक बिहार के निर्माण में अविस्मरणीय योगदान देने वाले प्रख्यात शिक्षाविद्, विधिवेत्ता, पत्रकार एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर मंगलवार को बिहार विधान मंडल में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद् के माननीय कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने विधानसभा एवं विधान परिषद् में स्थापित उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रो. रामवचन राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा केवल एक महान शिक्षाविद्, अधिवक्ता और पत्रकार ही नहीं थे, बल्कि आधुनिक बिहार की नींव रखने वाले दूरदर्शी विचारक भी थे। उन्होंने बताया कि कार्यकारी सभापति का पद ग्रहण करने के दो-तीन दिनों के भीतर ही उन्होंने सभापति कक्ष में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के चित्र स्थापित करवाए थे। उन्होंने कहा कि आज उनकी जयंती के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा आयोजित इस व्यापक कार्यक्रम में उन्हें और विधान परिषद् के कर्मियों को आमंत्रित किया जाना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है।
प्रो. राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ऐसे दूरदर्शी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने राष्ट्रीय चेतना के साथ क्षेत्रीय अस्मिता और उपराष्ट्रीय चेतना को भी नई दिशा दी। उन्होंने बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग पहचान दिलाने के लिए ऐतिहासिक पहल की। उनके प्रयासों ने बिहार और उड़ीसा को अलग प्रांत के रूप में स्थापित करने की राह प्रशस्त की। यह उनके राजनीतिक विवेक, दूरदर्शिता और बिहार के प्रति गहरे समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने एक महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्य की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि आज जिस भूमि पर बिहार विधान परिषद् और विधानसभा की भव्य इमारतें स्थित हैं, वह भूमि भी डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने दान में दी थी। इतना ही नहीं, पत्नी के निधन के बाद उन्होंने राधिका सिन्हा इंस्टीट्यूट एंड लाइब्रेरी की स्थापना में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया, जो आज सिन्हा लाइब्रेरी के नाम से विख्यात है। शिक्षा, ज्ञान और सार्वजनिक जीवन के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रो. राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का व्यक्तित्व और कृतित्व बिहार के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। बिहार की अलग पहचान, शैक्षणिक चेतना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, माननीय उपनेता प्रो. (डॉ.) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, सचेतक जनक राम तथा बिहार विधान परिषद् एवं विधानसभा के सचिव शिव गोपाल मिश्र और संजय सिंह ने भी डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
