पटना। गन्ना किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की सुविधा उपलब्ध कराने, गन्ने की खेती में यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा कृषि कार्यों में श्रम एवं लागत को कम करने के उद्देश्य से गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा गन्ना यंत्रीकरण योजना 2026–27 संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत यंत्र बैंक की स्थापना हेतु किसान समूहों से प्राप्त आवेदनों का दिनांक 30 सितंबर 2026 को रैंडमाइजेशन किया गया। रैंडमाइजेशन के माध्यम से 80 किसान समूहों का चयन किया गया है तथा चयनित समूहों को यंत्र बैंक हेतु परमिट जारी किए गए हैं।
SuMech पोर्टल पर पंजीकृत विक्रेता से होगी यंत्रों की खरीद
परमिट प्राप्त किसान समूह योजना के अंतर्गत निर्धारित एवं अनुमोदित कृषि यंत्रों का क्रय अपनी सुविधा के अनुसार SuMech पोर्टल पर पंजीकृत यंत्र विक्रेता से कर सकेंगे। अनुदान का लाभ विभागीय प्रावधानों एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप प्रदान किया जाएगा।
80 प्रतिशत तक अनुदान
यंत्र बैंक की स्थापना हेतु पात्र किसान समूहों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। इसके तहत अधिकतम ₹8.00 लाख तक अनुदान देय है।
30 अक्टूबर तक यंत्रों की खरीद सुनिश्चित करने की अपील
गन्ना उद्योग विभाग ने परमिट प्राप्त सभी किसान समूहों से दिनांक 30 अक्टूबर 2026 तक स्वीकृत कृषि यंत्रों का क्रय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की अपील की है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर कृषि यंत्रों का क्रय नहीं किए जाने की स्थिति में जारी परमिट निरस्त किया जा सकता है।
योजना से संबंधित जानकारी
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश एवं आवश्यक ऑनलाइन सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान समूह विभागीय SuMech पोर्टल (sugarcanemech.bihar.gov.in) अथवा केन केयर पोर्टल (ccs.bihar.gov.in) पर उपलब्ध जानकारी का अवलोकन कर सकते हैं। योजना के माध्यम से किसान समूहों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर गन्ने की खेती में कृषि कार्यों को समयबद्ध एवं सुगम बनाने, श्रम की आवश्यकता को कम करने, कृषि लागत में कमी लाने तथा कार्यों की दक्षता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। विभाग ने किसान समूहों से योजना का लाभ उठाते हुए अपने क्षेत्र के अन्य गन्ना किसानों को भी आधुनिक कृषि यंत्रीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।
