केंद्रीय सरना समिति ने पिठौरिया थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग की, गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना घेराव से लेकर रांची और झारखंड बंद का ऐलान
रांची। आदिवासी नेत्री स्वर्गीय निशा कुमारी भगत की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर केंद्रीय सरना समिति, जनजाति सुरक्षा मंच, क्षेत्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। चड़री सरना समिति, रांची के सामुदायिक भवन में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में संगठनों ने निशा भगत के वीडियो और उनके पिता हांदू भगत की ओर से पिठौरिया थाने में दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए नामजद अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पिठौरिया थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि निशा भगत आदिवासी धर्म, संस्कृति, परंपरा और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रही थीं। वह कथित रूप से भूमाफियाओं और सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली के खिलाफ भी मुखर थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सक्रियता के कारण कुछ लोगों की ओर से उनका चरित्र हनन किया गया तथा उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया। बबलू मुंडा ने निशा भगत की मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि वीडियो में नाम आने और पिता की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बावजूद संबंधित लोगों की गिरफ्तारी में देरी गंभीर चिंता का विषय है।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो तीन चरणों में आंदोलन
बबलू मुंडा ने चेतावनी दी कि यदि नामजद व्यक्तियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो आदिवासी समाज चरणबद्ध आंदोलन करेगा। पहले पिठौरिया थाना का घेराव किया जाएगा। इसके बाद रांची बंद और फिर झारखंड बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने राज्य में पूर्व में हुई कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सूर्या हांसदा, रूपा तिर्की, प्रेम सागर मुंडा, रूबिका पहाड़िया, लक्ष्मीकांत मुंडा, संध्या टोपनो और पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े सोमा मुंडा सहित कई मामलों में न्याय और कार्रवाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
रांची में स्थापित होगी निशा भगत की आदमकद प्रतिमा
जनजाति सुरक्षा मंच के संदीप उरांव ने कहा कि निशा कुमारी भगत का निधन आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने घोषणा की कि आदिवासी संगठनों की ओर से रांची में निशा भगत की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ी के युवा और युवतियां उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान से प्रेरणा ले सकें।
आदिवासी समाज की आवाज को दबाया नहीं जा सकता : मेघा उरांव
झारखंड आदिवासी सरना विकास समिति, धुर्वा के अध्यक्ष मेघा उरांव ने कहा कि निशा भगत की मौत पर उपहास करने वालों को आदिवासी समाज आने वाले समय में जवाब देगा। उन्होंने कहा कि किसी एक निशा भगत की आवाज दबाने से आदिवासी समाज का संघर्ष समाप्त नहीं होगा। आने वाले समय में सैकड़ों युवा-युवतियां समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए आगे आएंगे। केंद्रीय सरना समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में आदिवासी समाज के खिलाफ हत्या और यौन हिंसा की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आदिवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संयुक्त प्रेस वार्ता में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, प्रधान महासचिव अशोक मुंडा, संदीप उरांव, सोमा उरांव, मेघा उरांव, सनी उरांव, करमा तिग्गा, गुरुचरण मुंडा, विक्रम उरांव सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
