रोजगार, उद्योग, कृषि और अर्थव्यवस्था पर होगा मंथन, प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और झारखंड प्रभारी के. राजू होंगे शामिल; महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष कार्यक्रम
रांची। झारखंड की आर्थिक संभावनाओं को रोजगार, औद्योगिक विकास और जनकल्याण से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी 11 नवंबर को ‘थिंक-2029’ के तहत विशेष व्याख्यान एवं नीति संगोष्ठी आयोजित करेगी। इसमें पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ राज्य के विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। संगोष्ठी का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए जनकेंद्रित और दूरदर्शी विकास रोडमैप तैयार करना है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू 11 नवंबर को झारखंड दौरे पर आएंगे। दोनों नेता ‘थिंक-2029’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
खनिज संपदा से रोजगार तक विकास के मुद्दों पर चर्चा
केशव महतो कमलेश ने बताया कि संगोष्ठी में झारखंड की खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति में युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और पेशेवरों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ‘थिंक-2029’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के सुझाव लेकर विकास की प्राथमिकताएं तय करने का प्रयास किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण पर भी होगा विशेष कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि 11 नवंबर को शाम चार बजे फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में महिला पेशेवरों और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मधु गौड़ यास्खी और के. राजू भी शामिल होंगे।
दिल्ली और मुंबई से आएंगे विशेषज्ञ
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ‘प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस’ है। उन्होंने बताया कि झारखंड के पेशेवरों को एक मंच पर लाकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस नीतिगत सुझाव तैयार करना इस आयोजन का लक्ष्य है। इन सुझावों को झारखंड सरकार के समक्ष भी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवा सशक्तिकरण, औद्योगिक विकास और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के विस्तार पर विशेष चर्चा होगी। इसमें दिल्ली और मुंबई से आने वाले शोधकर्ता, अर्थशास्त्री और नीति विशेषज्ञ भी अपने विचार रखेंगे।
11 नवंबर को रांची पहुंचेंगे दोनों नेता
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां दोनों नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे 12 नवंबर को सुबह आठ बजे हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह और गौरव आनंद उपस्थित थे।
